बाराबंकी : आयुष्मान कार्ड की धीमी गति पर डीएम ने जताई नाराजगी, कहा- स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार आमजन को समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई और शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। चिकित्सकों को मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखने के निर्देश भी दिए गए, साथ ही जन औषधि केंद्रों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने पर बल दिया गया।
उन्होंने टीकाकरण सत्रों के नियमित आयोजन और शून्य सेशन की स्थिति नहीं रहने देने के निर्देश दिए तथा लक्ष्य से कम प्रगति वाले ब्लॉकों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। गर्भवती महिलाओं का पूर्ण पंजीकरण और प्रसव सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कराने पर जोर दिया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ की समयबद्ध उपस्थिति, टेली-कंसल्टेशन, संस्थागत प्रसव, टीबी उपचार, टीकाकरण और मातृ एवं शिशु मृत्यु की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग पर भी जोर देते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य रैंकिंग सुधार के लिए सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारीगण, सीएचसी अधीक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम, आयुष्मान अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
