बदायूं : तालाब के गड्ढे के पानी में डूबकर युवक की मौत
सोमवार सुबह शौच के लिए शुरू किया था युवक, काफी देर के बाद तालाब में मिला शव
इस्लामनगर, अमृत विचार। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव नगला बारह में सोमवार सुबह एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गांव निवासी पिंकू प्रजापति (30) पुत्र कल्याण इस्लामनगर स्थित कोल्ड स्टोर पर पल्लेदारी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह घर के पास स्थित तालाब की ओर शौच के लिए गए थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश शुरू की गई तो तालाब के किनारे उनकी चप्पल और अंगोछा पानी में उतरता मिला। आशंका होने पर गांव के एक युवक ने तालाब में उतरकर खोजबीन की। कुछ देर बाद पिंकू मिट्टी के नीचे दबे पानी के भीतर मिले। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में पिंकू को इस्लामनगर के एक निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के घर के सामने स्थित बड़े तालाब में पहले मछली पालन होता था। चार दिन पहले ही लघु सिंचाई विभाग द्वारा तालाब की खुदाई व सौंदर्यीकरण का कार्य ठेकेदार के माध्यम से शुरू कराया गया है। तालाब में पानी भरा होने के कारण उसे निकालने के लिए ठेकेदार ने पास में लगभग 20 फीट से अधिक गहरा गड्ढा जेसीबी से खुदवाकर पानी उस गड्ढे में मोड़ दिया, जिससे वहां गहरा जलभराव हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की खुदाई बस्ती के बराबर की जा रही है लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए। खुले और गहरे गड्ढे में भरे पानी के कारण हादसे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ठेकेदार, जेसीबी चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
