मिलावटखोरों पर FSDA का बड़ा एक्शन: 30,270 किलो खाद्य पदार्थ सीज, 42 लाख का रिफाइंड और सरसों तेल भी किया जब्त
लखनऊ,अमृत विचार : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) टीमों ने मंगलवार को मिलावट की आशंका पर 30,270 किलो खाद्य पदार्थ सीज किया। इसकी कीमत लगभग 50.42 लाख रुपये बताई गई है। इसमें 16300 लीटर रिफाइंड और 9081 लीटर सरसों तेल भी शामिल है।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुरानी बाजार इटौंजा बीकेटी में बीएन इण्टरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। वहां बिना किसी प्रयोगशाला व प्रारम्भिक जांच के सरसों का तेल व रिफाइंड सोयाबीन तेल की पैकिंग की जा रही थी। प्रतिष्ठान में 16300 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल व 9081 लीटर सरसों तेल के पैक पर एफएसएस एक्ट 2006 के प्रावधानों के विरुद्ध ग्राहकों के लिए भ्रामक एवं अधूरी जानकारी अंकित पाई गई। गंदगी के बीच खाद्य तेल का भण्डारण व पैकिंग की जा रही थी। इसके चलते 42,33,270 रुपये मूल्य का खाद्य तेल सीज कर दिया गया। इसके अलावा राम आयल एण्ड किराना स्टोर, बरावन कला, दुबग्गा में करीब 2,02140 मूल्य का 1123 टिन सीज किया गया।
एफएसडीए टीम ने हरचंदपुर, गढ़ी कनौरा में मखीजा नमकीन की जांच में करीब 51,360 रुपये मूल्य की 428 किलो घटिया मिक्स नमकीन सीज की। इसके अलावा महादेव टेडर्स जलालपुर से खराब गुणवत्ता की 1923 किलो मटर दाल और 99 किलो रंगीन बूंदी पकड़ी। मोहिबुल्लापुर में हरियाणा गृह उद्योग से 388 किलो बेसन व 128 किलो खराब गुणवत्ता का आटा सीज किया। साथ ही प्रतिष्ठानों से कुल 32 नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।
चारबाग खोयामंडी में भी भरे गए नमूने
खोवा में मिलावट की आशंका को देखते हुए एफएसडीए ने मंगलवार को चारबाग स्थित राजा मंडी में छापेमारी की। जिसमें दो डालों से लाये गए खोया के 3 नमूने भरे। इसके अलावा बीकेटी के कुम्हरावां में 17 किलो दुर्गंधयुक्त खोवा नष्ट कराया।
