UP Board : पहले दिन पकड़ा गया एक नकलची, 5544 ने छोड़ी परीक्षा
130 केंद्रों पर हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। जिले में 130 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और और इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। जिसमें 92193 में से 86649 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जबकि 5544 अनुपस्थित रहे। संवेदनशील केंद्रों पर कड़ा पहरा रहा। सदल दलों ने दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक छात्र नकल करते पकड़ा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि बुधवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की दोनों पाली में परीक्षा थी। नकल विहीन परीक्षा के लिए जिले को जोन और सेक्टर में बांटकर ड्यूटियां लगाई गईं थीं। सचल दल केंद्रों पर जाकर चेकिंग करते रहे। परीक्षा देने में छात्रों की तुलना में छात्राओं की संख्या अधिक रही। चेकिंग के दौरान पुराना शहर स्थित जवाहर मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल में एक छात्र नकल करते पकड़ा गया।
हाईस्कूल की प्रथम पाली में हिंदी विषय का पेपर था। जिसमें 28506 छात्रों ने और 22283 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा देने के लिए 26093 छात्र और 21303 छात्राएं देने पहुंचे। हाई स्कूल की परीक्षा में 2413 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी । वहीं हाईस्कूल में परीक्षा छोड़ने वाली छात्राओं की संख्या 980 रही। इंटरमीडिएट में भी हिंदी के दो पेपर थे। पहला हिंदी और दूसरा सामान्य हिंदी। हिंदी में 4053 छात्रों ने और 9594 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 3662 छात्र और 9197 छात्राएं परीक्षा में उपस्थित हुए। जबकि 391 छात्र और 397 छात्राएं अनुपस्थित रहे। सामान्य हिंदी के पेपर में 24074 छात्रों और 8907 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। जिसमें 18888 छात्र और 8677 छात्राएं उपस्थित रहे।
