Bareilly : थाने के गेट पर आत्मदाह मामले में जनसुनवाई अधिकारी दरोगा सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बारादारी थाने के गेट पर डिलीवरी ब्वॉय द्वारा आत्मदाह करने की कोशिश के मामले में लापरवाही बरतने पर जनसुनवाई अधिकारी एसआई को एसएसपी ने बुधवार की रात सस्पेंड करके विभागीय जांच शुरू कर दी है।

फतेहगंज पश्चिमी निवासी अक्षय कुमार ने मंगलवार की रात थाना बारादरी के गेट पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। एसएसपी ने अनुराग आर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिख को जांच करके रिपोर्ट देने को कहा था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पाया गया कि अक्षय कुमार 24 फरवरी को तीन बार बारादरी थाने गया था। इस दौरान थाना बारादारी की जन शिकायत हेल्प डेस्क पर तैनात उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा मौजूद थे। 

उनका दायित्व था कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की शिकायत सुनते हुए उनका प्रार्थना पत्र प्राप्त करके जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज करके उच्च अधिकारियों को सूचना दें, लेकिन जनसुनवाई अधिकारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने ऐसा न करके प्रकरण में संवेदनहीनता दिखाकर अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई। जांच रिपोर्ट में जनसुनवाई अधिकारी की लापरवाही मिलने पर एसएसपी ने बुधवार की रात उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करके विभागीय जांच अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी को दी है।

बारादरी पुलिस ने दर्ज किए दो मुकदमे जांच शुरू
बारादरी थाने के गेट पर मंगलवार की रात खुद को आग के हवाले करने वाले युवक के मामले में बारादरी पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। एक मुकदमा माधोबाड़ी निवासी आकाश ने दर्ज कराया है। आकाश ने बताया की 23 फरवरी को उसके चाचा चंद्रसेन अपनी बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक में सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी, जिसमें उन्हें चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं दूसरा मुकदमा थाने के गेट पर आग लगाने वाले अक्षय की तहरीर पर लिखा गया है। अक्षय ने बताया कि 23 फरवरी को वह गंगापुर में ऑर्डर देने गया था। 

उसने अपनी बाइक खड़ी की थी, लेकिन उसमें चाबी लगी रह गई थी। आरोप है कि जब वह ऑर्डर देकर वापस आया तो उसने देखा कि उसकी बाइक एक नशेड़ी ले जा रहा था। नशेड़ी युवक ने उसकी बाइक से दूसरी बाइक में टक्कर मार दी थी। इसकी सूचना उसने डायल 112 पर कॉल करके दी थी। इस मामले में बारादरी पुलिस में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि दो मुकदमे दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।


संबंधित समाचार