नाबार्ड योजना से 9 पुलों के निर्माण को दिए 8.85 करोड़, एक ROB और आठ लघु सेतुओं के अधूरे कार्यों को मिलेगी रफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में सड़क और सेतु अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में नाबार्ड पोषित आरआईडीएफ योजना के तहत विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन बागपत में एक रेल उपरिगामी सेतु समेत 9 सेतुओं के लिए 8.85 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है।
लोक निर्माण विभाग के लिए जारी शासनादेश के अनुसार, सभी कार्य लोक निर्माण विभाग एवं उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के माध्यम से कराए जाएंगे। जारी धनराशि में सबसे बड़ा हिस्सा बागपत में दिल्ली–शाहदरा–सहारनपुर रेल सेक्शन पर बड़ौत–मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित समपार संख्या-49ए पर निर्माणाधीन दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के लिए है। इस परियोजना के लिए वर्ष 2025-26 में 4.10 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। शासनादेश के तहत कुशीनगर, कानपुर नगर, अलीगढ़, मुरादाबाद, संतकबीर नगर और कासगंज सहित विभिन्न जनपदों में स्थित आठ लघु सेतुओं के पुनर्निर्माण एवं नव-निर्माण कार्यों के लिए भी धनराशि जारी की गई है।
