अमेठी ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : थाने का चौकीदार ही निकला कातिल, वजह जान पुलिस भी हैरान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमेठी। अमेठी पुलिस और स्वाट टीम ने 15 फरवरी को दर्ज एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या चुनावी रंजिश के चलते की गई थी और गिरफ्तार अभियुक्त संबंधित थाने का चौकीदार है। 

पुलिस अधीक्षक सरवण टी ने गुरुवार को बताया कि 15 फरवरी को जगदीश, निवासी पूरे घिसई मजरे लीही थाना मोहनगंज, ने तहरीर देकर सूचना दी थी कि 14 फरवरी की रात उसके पिता शिव प्रसाद की अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गई। मृतक बंदरही स्थित ट्यूबवेल और सुअर बाड़े की रखवाली के लिए छप्पर में सो रहे थे। 

मामले में थाना मोहनगंज पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम गठित की। क्षेत्राधिकारी तिलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक घटनास्थल के आसपास डेरा डालकर जांच की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल सवार महेश कुमार, निवासी पूरे दुर्गा दूबे मजरे लीही थाना मोहनगंज, को गिरफ्तार किया गया। 

पूछताछ में आरोपी ने चुनावी रंजिश और मृतक द्वारा दी गई कथित धमकी के चलते हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लोहे की सरिया से वार किया। इस दौरान मृतक ने आरोपी के हाथ की उंगली काट ली, जिससे सरिया गिर गई। इसके बाद आरोपी ने मौके पर पड़ी कुल्हाड़ी और हंसिया से कई वार किए, जिससे शिव प्रसाद की मृत्यु हो गई। 

घटना के समय प्रयुक्त सरिया, कुल्हाड़ी और आरोपी का पर्स मौके से बरामद किया गया था। आरोपी ने वारदात के बाद अपने कपड़े और जूते नहर में फेंक दिए थे। पुलिस के अनुसार, घटना की रात आरोपी की ड्यूटी थाने पर थी, जहां से वह पीछे के रास्ते से निकलकर वारदात को अंजाम देने के बाद वापस लौट आया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना मोहनगंज पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार