70वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह : 255 कर्मचारी सम्मानित; कार्यकुशलता और संरक्षा में लखनऊ मंडल ने रचे नए आयाम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय सभागार में 70वां रेल सेवा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 255 कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में 2.55 लाख रुपये के पुरस्कार दिया। विभिन्न श्रेणियों के प्रतिनिधि कर्मचारियों को डीआरएम की ओर से नगद पुरस्कार दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल की उपलब्धियां कर्मचारियों की निष्ठा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामघाट, स्वामी नारायण छपिया, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोलागोकर्णनाथ, मेलानी, लखीमपुर, तुलसीपुर, खलीलाबाद और लखनऊ सिटी सहित कई स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा किया गया।

 उन्होंने बताया कि गोरखपुर कैंट-गोरखपुर तीसरी लाइन, करनैलगंज-घाघराघाट तीसरी लाइन तथा बहराइच-नानपारा खंड में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। सिद्धार्थनगर और परसा में नए गुड्स टर्मिनल विकसित किए गए, जबकि 11 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार और छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म ऊंचाई बढ़ाने का कार्य हुआ। पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन लखनऊ की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता की उपस्थिति रही।

डिजिटल सुविधा और महिला प्रधान स्टेशन

मंडल के 34 स्टेशनों पर 80 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गईं तथा ‘रेलवन’ ऐप के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लखनऊ सिटी स्टेशन को महिला प्रधान स्टेशन घोषित किया गया। शताब्दी वर्ष 1926-2026 के अंतर्गत लखनऊ जंक्शन पर हेरिटेज प्रदर्शनी, फव्वारा, टॉय ट्रेन और फोटो गैलरी जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं।

आय, संरक्षा और पर्यावरण में रिकॉर्ड उपलब्धि

मंडल में कुल यात्री यातायात 5.33 करोड़ दर्ज किया गया, जबकि माल यातायात में चार प्रतिशत वृद्धि हुई। चालू वित्तीय वर्ष में यात्री आय 1409.18 करोड़ रुपये और माल लदान से 245.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। पार्सल आय में 17.72 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक मंडल में कोई बड़ी रेल दुर्घटना नहीं हुई। इस दौरान 69 सुरक्षा अभियान चलाए गए और 18 सुरक्षा परिपत्र जारी किए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत 3.27 लाख पौधरोपण किए गए तथा विभिन्न स्टेशनों पर सोलर प्लांट स्थापित कर मंडल की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 3500 किलोवाट तक पहुंचाई गई।

कर्मचारियों के कल्याण पर विशेष जोर

कर्मचारी कल्याण के तहत गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को आर्थिक सहायता, दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटर एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई। 730 कर्मचारियों और आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। खेल प्रतियोगिताओं में भी मंडल के खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया।

16 अंतरमंडलीय शील्ड और ट्रॉफियों से सम्मानित हुआ लखनऊ मंडल

महाप्रबंधक स्तर पर आयोजित ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025’ में लखनऊ मंडल को 16 अंतरमंडलीय कार्यकुशलता शील्ड और ट्रॉफियां प्रदान की गईं। इनमें इंजीनियरिंग, वाणिज्य, सिग्नल, कार्मिक, भंडार, राजभाषा, ऊर्जा दक्षता, सौर ऊर्जा उत्पादन और स्वच्छ स्टेशन श्रेणी की उपलब्धियां शामिल रहीं। सिद्धार्थनगर स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ व्यवस्थित स्टेशन तथा गोरखपुर जंक्शन को सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ स्टेशन का सम्मान मिला।

ये भी पढ़ें : 
आगरा मेट्रो कॉरिडोर निर्माण को मिली रफ्तार, भूमि हस्तांतरण को कैबिनेट की मंजूरी

संबंधित समाचार