Barabanki Crime News : एक ही पेड़ से लटकते मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग की चर्चा, इलाके में सनसनाी
बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख थाना क्षेत्र में एक युवक व युवती के शव एक ही कपड़े के फंदे से चिलवल के पेड़ से लटके मिले। खबर फैलते ही आसपास इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक विवाहित युवक की मूक बधिर पत्नी फिलहाल गर्भवती है तो युवती लोनीकटरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस प्रेम प्रसंग एंगल से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना सतरिख थाना क्षेत्र में ग्राम गेंहदवर की है। यहां रहने वाले श्रीपाल का बेटा रोहित (25 वर्ष) रविवार देर रात कहीं जाने की बात कहकर निकला था पर घर वापस नहीं लौटा। परिजन तलाश कर ही रहे थे कि सोमवार सुबह गांव के बाहर चिलवल के पेड़ से कपड़े के बने फंदे से युवक युवती के शव लटके होने की खबर से हड़कंप मच गया।

मौके पर ग्रामीण व परिजन पहुंचे तो मृतक की पहचान रात से गायब रोहित के रूप में हुई। वहीं काफी देर बाद युवती की पहचान लोनीकटरा थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासिनी के तौर पर की गई। बताया जा रहा कि मृतक रोहित का डेढ़ साल पहले विवाह हुआ था, उसकी पत्नी मूक बधिर होने के साथ ही नौ माह की गर्भवती भी है।
सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष डीके सिंह के अलावा फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। दोनों शवों को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि युवती काफी दूर से गेंहदवर गांव आई थी।
साफ है कि मृत युवक से उसके रिश्ते कम गंभीर नहीं थे। वहीं गांव में दोनों को फंदे से लटकाने की भी चर्चा है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी है। सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेम प्रसंग के पहलू पर जांच की जा रही है। शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही कारण सामने आ सकेगा।
