होली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 699 टन खाद्य सामग्री जब्त

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने व्यापक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीते 19 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रदेशभर में निर्माण इकाइयों, रिलेबलर-पैकर, कोल्ड स्टोरेज, अस्थायी भट्टियों, मंडियों और टोल नाकों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ.रोशन जैकब ने बताया कि अभियान के दौरान 4082 निरीक्षण और 1092 छापे डाले गए। 1487 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। कुल 699 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10.56 करोड़ रुपये है। साथ ही 35.5 टन सामग्री नष्ट कराई गई।

उन्होंने बताया कि खाद्य तेल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गठित 58 अंतर्जनपदीय टीमों ने 64 विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। 210 नमूने लिए गए और 415.2 टन संदिग्ध तेल (लगभग 6.43 करोड़ रुपये मूल्य) सीज किया गया। 37 इकाइयों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

इसके अलावा टोल नाकों पर 327 स्थानों की जांच में 23.8 टन खाद्य सामग्री सीज और 7.3 टन नष्ट कराई गई। मिलावट के मामलों में पांच एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि जनता से अपील की गई है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल लें और मिलावट की सूचना हेल्पलाइन 1800-180-5533 या व्हाट्सएप 9793429747 पर दें।

 

संबंधित समाचार