लखनऊ में बिजली-पानी क्रांति: 4000 करोड़ की मेगा योजना से शहर की यूटिलिटी होगी पूरी तरह अपग्रेड
लखनऊ, अमृत विचार: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र लखनऊ में विद्युत पेयजल व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जाएगा। शनिवार को हुई बैठक में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 4000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर सहमति बनी। सब-स्टेशनों की बढ़ाकर 54 करके 996 किमी लंबी लाइन नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। अब एन-1 मानक लागू कर वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। 400 केवी लाइनों की क्षमता 400 से बढ़ाकर 700 एम्पीयर की जा रही है तथा एचटीएलएस तकनीक से हाई टेंशन लाइनों का अपग्रेडेशन होगा।
इसके साथ ही भूमि की कमी वाले क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध भूमिगत केबलिंग का प्रस्ताव है। 30 अप्रैल तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही सीतापुर और बाराबंकी में निर्माणाधीन 400 केवी स्टेशनों से लखनऊ का अतिरिक्त लोड कम होगा। बैठक में पेयजल व्यवस्था पर भी मंथन हुआ। पुरानी लाइनों की मरम्मत, नए नलकूपों की स्थापना और लो-प्रेशर क्षेत्रों के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर को निर्बाध बिजली और स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
