Moradabad: वॉर खत्म मगर शंका बरकरार...इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग में आया उछाल
मुरादाबाद, अमृत विचार। अमेरिका-ईरान-इजरायल तनाव के चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि की आशंका के चलते शहर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (ईवी) की मांग तेजी से बढ़ गई है। हालात यह है कि जो ग्राहक पहले पेट्रोल से चलने वाली दोपहिया गाड़ियां खरीदने की योजना बना रहे थे, वे अब इलेक्ट्रिक विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
ऑटोमोबाइल बाजार से जुड़े व्यापारियों के अनुसार पिछले दो सप्ताह में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हीरो, बजाज, टीवीएस और ऐथर जैसी कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। कांठ रोड स्थित दोपहिया शोरूम की प्रबंधक सीमा शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन दो से तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिलीवरी हो रही है, जबकि 20 से 25 ग्राहक रोजाना जानकारी लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
वहीं, दिल्ली रोड स्थित अन्य शोरूम की संचालक दीप्ति वार्ष्णेय का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय हालात का सीधा असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहक भविष्य के खर्चों को ध्यान में रखते हुए ईवी को प्राथमिकता दे रहे हैं। बताया कि वित्तीय वर्ष के समापन के चलते कंपनियां स्टॉक खत्म करने के लिए आकर्षक ऑफर दे रही हैं, जिससे बिक्री को और बढ़ावा मिल रहा है। जिले भर में पिछले 10 दिनों के भीतर 150 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बिक्री हो चुकी है, जो इस बढ़ते रुझान को दर्शाता है।
