टी20 विश्व कप 2026 : फिन के तूफान में उड़ा दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड ने कटाया फाइनल का टिकट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कीवी बल्लेबाज फिन एलन ने खेली टी 20 विश्व कप इतिहास की सबसे तेज शतकीय पारी, महज 33 गेंदों में बनाए नाबाद 100 रन

कोलकाता। न्यूजीलैंड ने T20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा महज 12.5 ओवर में 1 विकेट खोकर पूरा कर लिया। इस जीत के साथ कीवी टीम दूसरी बार T20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले वे 2021 में फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गए थे। अब न्यूजीलैंड के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।

फिन एलन की ऐतिहासिक पारी ने पलट दिया मैच

न्यूजीलैंड की इस शानदार जीत में ओपनर फिन एलन का योगदान सबसे बड़ा रहा। उन्होंने T20 विश्व कप इतिहास की सबसे तेज शतकीय पारी खेली, महज 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। दूसरे ओपनर टिम सीफर्ट ने भी 33 गेंदों में 58 रन की तेज पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई, जिसने चेज को आसान बना दिया।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी रही संघर्षपूर्ण

टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और वे सिर्फ 12 रन पर क्विंटन डिकॉक और रयान रिकेल्टन के विकेट गंवा बैठे। कप्तान एडन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े, लेकिन मार्करम 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद डेविड मिलर और ब्रेविस भी जल्दी लौट गए, जिससे स्कोर 77 रन पर 5 विकेट हो गए।  ऐसे मुश्किल हालात में ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसेन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। स्टब्स 29 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन यानसेन ने एक छोर पर टिककर 30 गेंदों में नाबाद 55 रन ठोके (2 चौके, 5 छक्के)। उनकी इस आक्रामक पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन तक पहुंच सका।

न्यूजीलैंड ने की शानदार गेंदबाजी

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रचिन रवींद्र ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए। मैट हेनरी ने भी 4 ओवर में 34 रन पर 2 विकेट चटकाए। कोल मकौंकी ने अपने 1 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट झटके। लॉकी फर्ग्यूसन और जिमी नीशम को 1-1 विकेट मिला।

संबंधित समाचार