Maharashtra Board Results : महाराष्ट्र बोर्ड ने घोषित किए 12वीं के नतीजे, लड़कियों ने किया बेहतर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) ने शनिवार को कक्षा 12वीं (एचएससी) की परीक्षा के परिणाम घोषित किए, जिसमें कुल 89.79 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। राज्यव्यापी परिणामों में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारते हुए लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।

बोर्ड के अध्यक्ष त्रिगुण कुलकर्णी द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार, लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.15 रहा, जबकि 86.80 प्रतिशत लड़के सफल हुए। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एचएससी) परीक्षा के लिए कुल 14,44,713 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14,33,058 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 12,86,843 छात्र उत्तीर्ण हुए। यह परीक्षा फरवरी और मार्च में आयोजित की गई थी।

कोंकण संभाग 94.14 प्रतिशत बच्चों के उत्तीर्ण होने के साथ शीर्ष पर रहा, वहीं लातूर संभाग 84.14 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा। कुलकर्णी ने बताया कि संकायवार प्रदर्शन में विज्ञान संकाय का परिणाम सबसे बेहतर 96.44 प्रतिशत रहा। वहीं, वाणिज्य संकाय में 87.03 प्रतिशत, व्यावसायिक पाठ्यक्रम में 82.74 प्रतिशत, आईटीआई में 81.78 प्रतिशत और कला संकाय में 78.02 प्रतिशत छात्र सफल रहे।  

संबंधित समाचार