शर्मनाक : पुणे में 4 वर्षीय बच्ची की रेप के बाद हत्या, 65 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार, घटना से इलाके में आक्रोश
पुणे। महाराष्ट्र में पुणे जिले के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची का यौन उत्पीड़न करने और उसकी हत्या करने के आरोप में एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को भोर तहसील में हुई घटना के सिलसिले में 65 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा, ''आरोपी ने बच्ची को कथित तौर पर भोजन का लालच देकर फुसलाया और वह उसे मवेशियों के बाड़े में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी।'' अधिकारी ने बताया कि बच्ची के लापता होने पर उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की और इसी दौरान एक निजी आवास के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी, बच्ची के साथ नजर आया।
उन्होंने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर एकत्र होकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में लोगों की भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया जिससे यातायात बाधित हो गया।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने लोगों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि मामले में 15 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा और सुनवाई त्वरित अदालत में होगी। गिल ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ''आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 1998 और 2015 में मामले दर्ज किए गए थे।
बाद में वह दोनों मामलों में बरी हो गया था। वह मजदूर है और आम तौर पर गांव में घूमता रहता है तथा कभी-कभी काम कर लेता है।'' आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
