लखनऊ : दुबग्गा में होली पर खूनी संघर्ष, भाई-बहन ने मां संग मिलकर युवक को चाकू से गोदा, मौत
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया इलाके में होली का त्योहार खूनी संघर्ष बन गया। बुधवार शाम करीब 5 बजे सड़क पर मामूली गाली-गलौज ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि पड़ोस में रहने वाले मोहित तिवारी, उसकी बहन शिवानी और मां रंजना ने मिलकर सूरज गौतम की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक पिता राजेंद्र गौतम को बचाने दौड़ा था, लेकिन तीनों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए।
घटना के अनुसार, राजेंद्र गौतम घर के सामने सड़क पर पड़ोसी निशु से बात कर रहे थे। तभी मोहित तिवारी मोटरसाइकिल पर आया और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। राजेंद्र ने मना किया तो मोहित हाथापाई करने लगा। शोर सुनकर मोहित की मां रंजना और बहन शिवानी भी पहुंच गईं। तीनों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव में राजेंद्र का बेटा सूरज गौतम दौड़कर आया, जो एक प्राइवेट फर्म में काम करता था।
आरोप है कि शिवानी घर से चाकू लेकर आई और सूरज के पेट व शरीर पर कई बार वार कर दिए। मोहित और मां रंजना ने भी हमला किया। सूरज लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी बहन शिवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मोहित और मां रंजना पर भी कार्रवाई जारी है। पुलिस पुरानी रंजिश की जांच कर रही है।घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दुबग्गा थाने का घेराव किया, जिसके बाद कई थानों से फोर्स बुलानी पड़ी और स्थिति काबू में की गई। सूरज के परिवार में पिता राजेंद्र और छोटा भाई हैं, जबकि मां पहले गुजर चुकी हैं।
