Bareilly : उर्स और होमगार्ड परीक्षा को लेकर रूट डायवर्जन
पुराना रोडवेज बस स्टैंड बंद रहेगा, सेटेलाइट से चलेंगी बसें
बरेली, अमृत विचार। शहर में उर्स ए ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर रूट डायवर्जन किया गया है। 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
इसके तहत शहर में घुसने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। शुक्रवार की रात और शनिवार दो दिनों में पुराना रोडवेज बस स्टैंड पूरी तरह बंद रहेगा और सभी बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे मिनी बाईपास और इज्जतनगर तिराहे की ओर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। उर्स में लाखों जायरीन के आने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
शुक्रवार और शनिवार को झुमका तिराहा, रोड नंबर-01 परसाखेड़ा और मिनी बाईपास से मथुरापुर की ओर सभी भारी वाहन और रोडवेज बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। रामपुर, मुरादाबाद, नैनीताल, पीलीभीत और बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए बाईपास मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली और रामपुर से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहे से विलवा होते हुए डेलापीर और 100 फुटा मार्ग से सैटेलाइट बस स्टैंड तक जाएंगी।
शहर के अंदर भी रूट डायवर्ट
शुक्रवार की रात से 25 अप्रैल रात 12 बजे तक मिनी बाईपास और झुमका तिराहे से मथुरापुर की ओर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा कुदेशिया अंडरपास, श्यामतगंज, पटेल चौक, चौपला, कुतुबखाना और बरेली कॉलेज के आसपास भी ई-रिक्शा और ऑटो पर रोक रहेगी।
परीक्षार्थियों के लिए खास निर्देश
होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। जिनके परीक्षा केंद्र सीबीगंज, मिनी बाईपास, किला क्रॉसिंग और बिहारीपुर क्षेत्र में हैं, वे अतिरिक्त समय लेकर चलें ताकि देरी न हो।
बरेली कॉलेज में अलग प्रवेश व्यवस्था
बरेली कॉलेज में परीक्षा के दौरान स्टाफ का प्रवेश पूर्वी गेट से और परीक्षार्थियों का प्रवेश पश्चिमी गेट से कराया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
