IND vs NZ T20 Final: अहमदाबाद में होटल रेट्स छू रहे आसमान, एक रात के लिए 2.37 लाख तक! 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच आज होने वाले ICC T20 World Cup 2026 फाइनल के लिए अहमदाबाद में होटल उद्योग में जबरदस्त उछाल आया है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले की वजह से शहर में कमरों की मांग इतनी बढ़ गई है कि किराए 300 से 400 प्रतिशत तक आसमान छू रहे हैं।

गुजरात होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी के मुताबिक, सामान्य दिनों में 5,000 से 20,000 रुपये में मिलने वाले रूम अब 15,000 से 50,000 रुपये के बीच बुक हो रहे हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों क्रिकेट दीवानों की भीड़ ने इस बढ़ोतरी को और तेज कर दिया है। शहर में कुल करीब 10,000 होटल रूम उपलब्ध हैं, जिनमें से आज रात लगभग 80% बुक होने की संभावना है।

सिंधु भवन रोड पर स्थित ताज स्काईलाइन होटल में आज रात के लिए एक डीलक्स रूम का किराया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 2.01 लाख रुपये तक पहुंच गया है। इसमें 36,000 रुपये का जीएसटी अलग से जोड़ें तो कुल खर्च 2.37 लाख रुपये हो जाता है! आमतौर पर यही रूम 9,000 से 15,000 रुपये में उपलब्ध रहता है – यानी करीब 20 गुना की बढ़ोतरी।  

इसी तरह आश्रम रोड के वेलकमहोटल और हयात रीजेंसी जैसे बड़े होटलों में भी रेट्स सामान्य से तीन-चार गुना ज्यादा हो गए हैं। कई जगहों पर 20,000 से 30,000 रुपये में रूम बुक हो रहे हैं, लेकिन डिमांड के आगे कई फैंस महंगे विकल्पों से बच रहे हैं।

फैंस के स्मार्ट प्लान- महंगाई से कैसे निपट रहे हैं?  

होटल के भारी-भरकम दाम देखकर कई क्रिकेट प्रेमी रात गुजारने के बजाय दूसरी राह चुन रहे हैं। कुछ लोग 25 किलोमीटर दूर गांधीनगर में ठहर रहे हैं, तो बहुत से फैंस मैच देखकर उसी दिन वापस लौटने की तैयारी में हैं। ये तरीके दिखाते हैं कि क्रिकेट का जुनून कितना गहरा है, लेकिन जेब पर भी असर पड़ रहा है!

आज शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए अहमदाबाद पूरी तरह क्रिकेट मोड में है।

संबंधित समाचार