Bareilly: रेलवे की जमीनों पर खुलेंगे गेमिंग जोन, मैरेज हॉल और आउटलेट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रेलवे विभाग की कई वर्षों से खाली पड़ी करोड़ों की जमीन अब विभाग के लिए ही न बल्कि व्यापारियों के लिए भी सुनहरा अवसर लेकर आने वाली है। रेलवे अपनी खाली पड़ी जमीनों को राजस्व और रोजगार का बड़ा जरिया बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। नई योजना के तहत रेलवे पूरे मंडल में उपलब्ध अपनी जमीनों को निजी निवेशकों और उद्यमियों को बेहद कम दरों पर लीज पर देगा।

आवेदक अपनी जरूरत और बाजार की मांग के अनुसार अलग-अलग तरह के व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। इनमें गेमिंग जोन, मैरेज हॉल, ब्रांडेड आउटलेट, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल गतिविधियां शामिल हैं। रेलवे स्टेशन के अंदर और बाहर की जमीनों का भी उपयोग किया जा सकेगा। आवेदक आईआरटीपीएस वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जमीन आवंटन टेंडर प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। बरेली में चौपुला और सिटी क्षेत्रों के साथ पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के मॉडल टाउन, शहदाना, जनकपुरी और कुदेशिया जैसे इलाकों में कई हेक्टेयर जमीन खाली पड़ी है, जहां निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि रेलवे की खाली पड़ी जमीनों को व्यापार के लिए निवेशकों और उद्यमियों को लंबे समय के लिए लीज पर दिया जाएगा।छोटे और मध्यम उद्यमियों को भी कारोबार शुरू करने का सुनहरा अवसर मिलेगा और विभाग को राजस्व प्राप्त होगा।

 

संबंधित समाचार