राहुल गांधी का ममता पर हमला : केशव मौर्य ने ली चुटकी, कहा- कांग्रेस हो या टीएमसी, ये एक थैली के चट्टे-बट्टे....

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एंट्री भी हो गई है। उन्होंने एक चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र नहीं बल्कि गुंडाराज चल रहा है। राहुल गांधी द्वारा ममता बनर्जी पर कटाक्ष किए जाने पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस हो या टीएमसी, वे एक थैली के चट्टे-बट्टे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को लूटने का काम किया। टीएमसी ने बंगाल को लूटने का काम किया है। मैं बस इतना कह सकता हूं कि बंगाल में भाजपा की सरकार को बनने से टीएमसी और कांग्रेस नहीं रोक सकती हैं। भाजपा बहुत बड़े बहुमत के साथ पहली बार सरकार बनाने जा रही है। पहले चरण की बंपर वोटिंग ने इसके संकेत दे दिए हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि उनका 2012 से 2017 तक कलंकित कार्यकाल रहा है और जनता उसे भूल नहीं पाई है। 2017 से 2026 के बीच पीएम मोदी के आशीर्वाद और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम लोगों ने सभी वर्गों के लिए काम किया। सभी क्षेत्रों में यूपी ने व्यापक तरक्की की है, युवाओं को रोजगार, सुरक्षा है। बुजुर्गों को सम्मान मिल रहा है, अखिलेश यादव यह सब नहीं देख सकते हैं।

अखिलेश यादव के कानून व्यवस्था वाले बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कोई भी अपराधी हो, वह बच नहीं सकता है, गिरफ्तारी होगी और सख्त कार्रवाई भी। उन्होंने कहा कि सपा के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। सपा की जल्द सैफई वापस होगी।

महिला आरक्षण को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि आधी आबादी किसके साथ है वह तो पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान पहले फेज की वोटिंग में सभी ने देख लिया है। आधी आबादी भाजपा के साथ है और बंगाल में कमल खिलेगा। दूसरी ओर, यूपी में सपा की साइकिल पंचर होने वाली है। अखिलेश यादव सैफई जाएंगे। यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बड़ी विजय हासिल करेगी। यूपी में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनेगी।

संबंधित समाचार