LPG सिलेंडर बुकिंग में बड़ा झटका! अब 21 नहीं, 25 दिन करना होगा इंतजार, ब्लैक मार्केटिंग पर सरकार की सख्ती

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। अब उपभोक्ता एक सिलेंडर प्राप्त करने के बाद अगली बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिनों का इंतजार करेंगे, जबकि पहले यह अवधि 21 दिनों की थी।

यह फैसला मुख्य रूप से जमाखोरी, पैनिक बुकिंग और संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए लिया गया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हाल के समय में कुछ उपभोक्ताओं के बुकिंग पैटर्न में असामान्य बदलाव देखा गया। जो लोग पहले औसतन 55 दिनों में सिलेंडर बुक करते थे, वे अब महज 15 दिनों के अंदर ही नई बुकिंग करने लगे थे। इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होने का जोखिम बढ़ गया था।

इस बदलाव का उद्देश्य गैस की समान और न्यायपूर्ण वितरण सुनिश्चित करना है, खासकर मध्य पूर्व में जारी अस्थिरता के बीच। सरकार ने तेल रिफाइनरियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे एलपीजी का उत्पादन बढ़ाएं। साथ ही, घरेलू कनेक्शनों को व्यावसायिक कनेक्शनों से अधिक प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम परिवारों की रसोई पर कोई असर न पड़े।

पेट्रोल, डीजल या घरेलू रसोई गैस की कीमतों में अभी कोई वृद्धि नहीं होने वाली है। अधिकारियों का कहना है कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। विशेषज्ञों की राय है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर नहीं जाती, तब तक घरेलू स्तर पर कीमतें स्थिर रह सकती हैं।

ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत ने अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों से संपर्क बढ़ाया है। इन देशों से एलपीजी की आपूर्ति के प्रस्ताव मिले हैं, जिससे भविष्य में किसी भी वैश्विक संकट के दौरान भारत की स्थिति मजबूत रहेगी।

संबंधित समाचार