वृंदावन में पर्यटन थाने का सीएम योगी ने किया उद्घाटन : कहा- ब्रजभूमि की रज-रज में बसती हैं भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृतियां
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वृंदावन का दौरा कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का कार्य पूरा हुआ है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से ब्रज क्षेत्र में भी आगे के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे की शुरुआत वृंदावन में पर्यटन थाने के उद्घाटन से हुई। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बोर्ड बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजकांत मिश्रा ने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक के दौरान बांके बिहारी कॉरिडोर परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन परिक्रमा की तर्ज पर अब ब्रज की प्रसिद्ध 84 कोस परिक्रमा मार्ग का भी व्यापक और भव्य विकास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रजभूमि की रज-रज में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृतियां बसती हैं।
उन्होंने हाल ही में ब्रज क्षेत्र में होली के दौरान उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों की संख्या में लोग मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, नंदगांव और गोवर्धन सहित विभिन्न स्थानों पर इस पर्व में शामिल हुए, जो अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि भारत में पर्व और त्योहारों की परंपरा समाज की एक बड़ी शक्ति है और ब्रजभूमि इस परंपरा की जीवंत मिसाल है।
इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह और लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद हेमामालिनी और तेजवीर सिंह, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक राजेश चौधरी और पूरन प्रकाश ठाकुर, मथुरा के मेयर विनोद अग्रवाल तथा जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी शामिल थे। प्रशासनिक स्तर पर कमिश्नर नगेंद्र प्रताप, डीआईजी शैलेश पांडेय, जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
