बारिश-बर्फबारी से बदला कश्मीर का मौसम, आने वाले दिन होंगे खुशनुमा, जानिए IMD का अनुमान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

श्रीनगर। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में अधिक बारिश तथा बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में घाटी के अधिकांश मौसम स्टेशनों पर बारिश दर्ज की गई। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में सबसे अधिक 12.8 मिमी वर्षा हुई। वहीं दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि श्रीनगर में 3.0 मिमी वर्षा हुई। 

उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में 2.8 मिमी हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कोकरनाग में इसी अवधि के दौरान 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद घाटी में रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर डिवीजन के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि जम्मू डिवीजन के कई क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से 6 से 10 डिग्री अधिक रहा। 

कश्मीर डिवीजन में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुलमर्ग में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जम्मू डिवीजन के भदेरवाह में 9.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम तापमान रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। कश्मीर डिवीजन के कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है। 

इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहने और कई स्थानों पर बारिश, बर्फबारी व गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस बीच, जम्मू- कश्मीर में लगातार सातवें वर्ष सर्दियों के मौसम में कम बारिश दर्ज की गई है। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक की मुख्य शीतकालीन अवधि में बारिश में 65 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में क्षेत्र में सामान्य 284.9 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 100.6 मिमी वर्षा ही हुई है। 

ये भी पढ़ें :
मिडिल ईस्ट संकट का असर, भारत में इज़रायली पर्यटकों की पसंदीदा जगह पर लगा ब्रेक, टूरिज्म को हो रहा नुकसान 

संबंधित समाचार