Gold Silver Price Today: सोने-चांदी के भाव में आया बड़ा बदलाव,जाने आज का रेट
दिल्ली। वायदा कारोबार में मंगलवार को सोने की कीमतें 1,853 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। डॉलर की कमज़ोरी और बेहतर वैश्विक माहौल ने सुरक्षित निवेश की मांग को बढ़ावा दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,853 रुपये यानी 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,62,252 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 7,355 लॉट का कारोबार हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के बाद डॉलर के कमज़ोर पड़ने से सोने की कीमतों ने पिछले सत्र में हुई गिरावट की भरपाई कर ली। ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ चल रहा टकराव अब खत्म होने के करीब हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में, अप्रैल अनुबंध वाला कॉमेक्स सोना वायदा 75.91 डॉलर या 1.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,179.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.84 पर कारोबार कर रहा था जिससे विदेशी कारोबार में सोने की कीमतों को समर्थन मिला। इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, जिगर त्रिवेदी ने कहा, ''सोने की कीमतें बढ़कर करीब 5,180 डॉलर प्रति औंस हो गईं, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप के इस संकेत के बाद डॉलर कमजोर पड़ गया कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष जल्द ही खत्म हो सकता है।
चांदी का वायदा भाव 10,442 रुपये के उछाल के साथ 2.77 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने के कारण मंगलवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमतें 10,442 रुपये बढ़कर 2.77 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के मई महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 10,442 रुपये या लगभग चार प्रतिशत बढ़कर 2,77,602 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 2,265 लॉट का कारोबार हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि पिछले सत्र में गिरावट के बाद डॉलर में कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर धारणा के कारण चांदी की कीमतों में तेजी आई। विदेशी बाजारों में, न्यूयॉर्क में मई अनुबंध के लिए चांदी की वायदा कीमतें 5.07 अमेरिकी डॉलर या छह प्रतिशत बढ़कर 89.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
ऑगमोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा, ''चांदी ने पिछले सत्र में अस्थायी रूप से 80 डॉलर से नीचे गिरने के बाद लगभग 90 डॉलर तक वापसी की, जिसमें अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने मजबूती प्रदान की।'' सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि ईरान में सैन्य अभियान तेजी से पूरा होने की ओर है।
चैनानी ने कहा, ''निवेशक अब उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) मूल्य सूचकांक सहित आगामी अमेरिकी मुद्रास्फीति संकेतकों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो महंगाई के रुझान और संभावित मौद्रिक नीति दिशा पर और संकेत प्रदान करेंगे।
ये भी पढ़ें :
Gold Silver Price Today: हाजिर मांग से सोने की कीमतों में तेजी, चांदी के भाव भी चढ़ें, जानिए आज का रेट
