UP: एक्सप्रेस-वे से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, उद्योग और व्यापार को मिलेगा फायदा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही शाहजहांपुर के औद्योगिक भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जग गई हैं। एक्सप्रेस-वे शुरू होने से दिल्ली, मेरठ और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे आम लोगों के सफर के साथ ही उद्योग और व्यापार को भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की लागत कम होगी और समय की बचत होगी।
इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय विधायक व प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए आईआईए के सदस्य उद्यमियों ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित वार्ता में मंडलीय चेयरमैन गुरजीत मोंगा, चेयरमैन विनम्र अग्रवाल, सचिव रोहित गोयल और कोषाध्यक्ष जय गोविंद मोदी के साथ शहर के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इनमें टेक्सटाइल पार्क, ड्राई पोर्ट और फूड पार्क की स्थापना को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
टेक्सटाइल पार्क बनने से जरी जरदोजी के कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाएं और डिजाइनिंग का लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इसके अलावा वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की ओर से घोषित स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और विद्युत उपकेंद्रों के शिलान्यास से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है। गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और इन तीन प्रमुख परियोजनाओं के जुड़ने से शाहजहांपुर आने वाले समय में प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा।
ड्राई पोर्ट से बासमती चावल के निर्यात में तेजी आएगी
ड्राई पोर्ट बनने से बासमती चावल के निर्यात में तेजी आएगी और कस्टम क्लीयरेंस तथा शिपिंग की प्रक्रिया यहीं पूरी हो सकेगी, जिससे निर्यातकों का समय और लागत दोनों बचेंगे। वहीं फूड पार्क की स्थापना से धान, गेहूं, गन्ना और मूंगफली जैसी फसलों के लिए स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग इकाइयां लगेंगी, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिलेगा और फसल की बर्बादी कम होगी।
