Moradabaad: एक करोड़ 41 लाख की लागत से बनाए जा रहे उत्सव भवन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मंडल के पांचों जिलों में बनेंगे पंचायत उत्सव भवन,रामपुर में कार्य शुरू

मुरादाबाद, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन ने मंडल के पांचों जिलों में पंचायत उत्सव भवन निर्माण करा रही है। इसके तहत चयनित ग्राम पंचायतों में उत्सव भवन बनाने के लिए निर्धारित धनराशि का 50 प्रतिशत अंश ग्राम पंचायतों के खातों में भेज दिया है। प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत में करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से उत्सव भवन बनेगा।

उपनिदेशक पंचायत राज विभाग अभय कुमार यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के लिए सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उपयोग होने वाले पंचायत उत्सव भवन मंडल की 5 ग्राम पंचायत में बनेगा। जिसमें मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे ब्लॉक के लालपुर तीतरी ग्राम पंचायत में 26 मार्च को टेंडर प्रक्रिया चालू की जाएगी। अमरोहा जिले के तिगरी ग्राम पंचायत में 20 मार्च को, बिजनौर जिले के अफजलगढ़ ब्लॉक के अजीमुल्ला ग्राम पंचायत में 17 मार्च को ,संभल जिले में ग्राम पंचायत फतेहपुर शरीफ नगर में 13 मार्च को टेंडर प्रक्रिया होगी। उन्होंने बताया कि रामपुर जिले में तीन मार्च को टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। कार्यदायी संस्था के द्वारा 5 से 10 प्रतिशत निविदा शुल्क का कार्यकारी संस्था को चेक जमा करना होगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्यकारी संस्था अपने एस्टीमेट बनाकर पंचायत उत्सव भवन के निर्माण वाली ग्राम पंचायत को दिए जाएंगे इसके बाद कार्यदायी संस्था का चयन किया जाएगा। उन्होने बताया कि शासन के निर्देश पर निर्माण कार्य को समय पर शुरू कराने के लिए पहली किस्त करीब 70 लाख रुपये पंचायतों को उपलब्ध कराए गए हैं।

मंडल के रामपुर जिले में चयनित ग्राम पंचायत में उत्सव भवन के निर्माण का कार्य शुरू भी कर दिया गया है। वहीं अन्य जिलों में निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। निर्धारित तिथि पर टेंडर खुलने के बाद निर्माण एजेंसियों का चयन किया जाएगा और उसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

पर्याप्त स्थान और सुविधाएं ना होने से लोगों को होती थी असुविधा
अभी तक अधिकांश गांवों में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्याप्त स्थान और सुविधाएं नहीं होती थीं, जिसके कारण लोगों को असुविधा होती थी। उत्सव भवन बनने के बाद पंचायत की बैठकों, सामुदायिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण शिविरों और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े आयोजन में सुविधा मिलेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा भी समय-समय पर की जाएगी, जिससे निर्धारित अवधि में उत्सव भवनों का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को लाभ मिल सके।

संबंधित समाचार