अब भारत पर हमला करना आसान नहीं... राजनाथ सिंह बोले- आतंकवाद का निर्णायक जवाब देने में देश पूरी तरह सक्षम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ कड़ा और निर्णायक जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल, जिसका निर्माण अब लखनऊ में भी किया जा रहा है जो देश की सैन्य शक्ति को और मजबूत बना रहा है। 

रक्षामंत्री ने लखनऊ के झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब भारत पर हमला करना आसान नहीं है। यदि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने दोबारा ऐसी हरकत करने की कोशिश की तो उन्हें इतना कड़ा जवाब मिलेगा कि वे भारत पर हमला करने से पहले सौ बार सोचेंगे। भारत के जवाबी हमले इतने प्रभावी होंगे कि आतंकवादी उससे कभी उबर नहीं पाएंगे। 

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने घोषणा की कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण अगले माह किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन और तेज व सुगम होगा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर और जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें आशंका थी कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा कहीं स्थगित न हो जाए, लेकिन मुख्यमंत्री ने विदेश दौरा किया और भारतीय वेशभूषा तथा खान-पान के साथ प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आया है। 

रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सड़क अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। लखनऊ -सीतापुर हाईवे को सिक्स लेन किए जाने की दिशा में कार्य जारी है, वहीं उसके अपग्रेडेशन की भी योजना है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को आगे चलकर लखनऊ -वाराणसी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच संपर्क और बेहतर होगा।  

संबंधित समाचार