Moradabad : होली पर घर आई बहन पर चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुद्धि विहार में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद में भाई ने बहन पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आई मां को भी नहीं छोड़ा। गंभीर रूप से घायल हुई बहन की मृत्यु हो गई, जबकि मां का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। आरोपी को पुलिस तलाश कर रही है।

मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार के सेक्टर-दो में आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल के नजदीक रहने वाली नीलिमा शर्मा के दो बच्चे हार्दिक शर्मा और हिमशिखा हैं। दोनों ही बीटेक करने के बाद गुरुग्राम में रहकर अलग-अलग मल्टीनेशनल कंपनियों में साफ्टवेयर इंजीनियर थे। पिछले कुछ समय से हार्दिक स्थायी नौकरी पर नहीं था, जिसके कारण वह तनाव में था। होली पर बहन-भाई घर आए हुए थे। 

शुक्रवार दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। घर के बाहर तक चीखने की आवाज सुनाई देने लगी। अचानक से हार्दिक ने चाकू लेकर बहन पर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे हिमशिखा लहूलुहान होकर फर्श पर गिर गई। 

इसके बाद मां नीलिमा शर्मा पर भी वार किए, जिसमें वह घायल हो गईं। इसके बाद हार्दिक कार लेकर फरार हो गया। घायल नीलिमा ने शोर मचाया तो पड़ोसी भी एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद हिमशिखा और नीलिमा शर्मा को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीलिमा की हालत गंभीर बनी हुई है।

एसपी सिटी रणविजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घायल नीलिमा से भी बात की। लेकिन, अभी तक कोई झगड़े का कारण सामने नहीं आया है। वहीं, हिमशिखा का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मझोला पुलिस और एसओजी की दो टीमों को लगाया गया है। - रणविजय सिंह, एसपी सिटी

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरा फुटेज
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, ताकि कि घटना से संबंधित कोई वजह और हार्दिक के भागने की जानकारी मिल सके। पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार के लोग शांत स्वभाव के थे। दोनों ही बहन भाई का स्वभाव भी मिलनसार था और विवादों से दूर रहते थे। पता नहीं अचानक से ऐसा क्या हुआ भाई ने बहन ही जान ही ले ली।

संबंधित समाचार