जुमे की नमाज को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट: सीसीटीवी-ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
वाराणसी। रमजान के पवित्र महीने के आखिरी शुक्रवार (अलविदा जुमा) की नमाज को लेकर धर्मनगरी काशी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं आला अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज के मद्देनजर जिले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिले की सभी मस्जिदों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वरिष्ठ एवं राजपत्रित अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और रूट मार्च किया जा रहा है। बड़ी मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने सभी धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बैठक कर यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो और यातायात बाधित न हो।
प्रशासन ने सुझाव दिया है कि यदि नमाजियों की संख्या अधिक हो, तो दो पालियों में नमाज अदा की जाए। सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान पुलिस बल ने कैंट क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद, दालमंडी, लंगड़ा हाफिज मस्जिद और चौक से गोदौलिया तक पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
