बहराइच में यातायात नियम पर सख्ती : 5 वाहन सीज और एक लाख से ज्यादा का जुर्माना, नियमों की अनदेखी पर बड़ा एक्शन
बहराइच। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए मंगलवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और हाईवे मार्गों पर घंटों चली इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान पांच वाहनों को सीज किया गया, जबकि एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
आरटीओ यात्री अवध राज गुप्ता और यातायात प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, सीट बेल्ट न लगाने वाले कार चालकों, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों और पटाखा साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों पर की गई। सड़क पर तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों को रोककर चालान किया गया और कई मामलों में वाहन जब्त भी किए गए।
चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा, कार, बाइक, स्कूल वाहन और व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहनों के फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र अधूरे पाए गए, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई वाहन चालक दस्तावेज न दिखा पाने पर अधिकारियों से बहस करते नजर आए, लेकिन टीम ने सख्ती बरतते हुए किसी को राहत नहीं दी।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर लापरवाही अब सीधे जेब पर भारी पड़ रही है। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना न केवल जानलेवा है, बल्कि इससे दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है। विभाग ने साफ किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। आरटीओ अवध राज गुप्ता ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकना प्राथमिकता है।
इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और नियमों का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। यातायात पुलिस के मुताबिक आने वाले दिनों में स्कूल वाहनों, ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और अवैध रूप से मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
