Bareilly:पहले दिन तीन किसानों को मिले 74 लाख, इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए जमीन खरीदारी शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली हाईवे किनारे औद्योगिक टाउनशिप बसाने का सपना अब धरातल पर उतरने लगा है। बुधवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने किसानों को मुआवजे का भुगतान शुरू कर दिया। प्राधिकरण सर्किल दर का चार गुना मूल्य दे रहा है। पहले दिन ग्राम रहपुरा जागीर के किसान धर्मपाल, प्रेमराज और गंगा प्रसाद को 74 लाख रुपये की धनराशि का चेक सौंपकर भूमि क्रय की विधिवत शुरुआत की गई।

बीडीए वीसी डा. मनिकंडन.ए ने बताया कि यह परियोजना न केवल बरेली बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक मानचित्र को बदलने वाली है। परियोजना के तहत तहसील बरेली के ग्राम रसूला चौधरी और तहसील मीरगंज के ग्राम भिटौरा नौगंवा, चिटौली व रहपुरा जागीर की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। 

प्राधिकरण का लक्ष्य इस विशाल भूखंड पर एक ऐसी आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित करना है, जहां बिजली, पानी, चौड़ी सड़कों और जल निकासी जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हों। दावा किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय आबादी को मिलेगा। औद्योगिक टाउनशिप के विकसित होने से जहां बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं स्थानीय युवाओं का पलायन रुकेगा।

 

संबंधित समाचार