अमेठी : खेत में मिला विवाहिता का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, मामले की जांच शुरू
अमेठी, अमृत विचार। होली के मौके पर मायके आई एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर से करीब 150 मीटर दूर गेहूं के खेत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सोमवार सुबह ग्रामीण जब शौच के लिए खेतों की ओर गए तो उनकी नजर गेहूं के खेत में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवाहिता का शव खेत में मिला है और मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
