यूपी में फरवरी में 18,412 करोड़ का राजस्व, बोले मंत्री सुरेश खन्ना- पिछले साल से 415 करोड़ ज्यादा
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में मुख्य कर व करेत्तर मदों से फरवरी 2026 में 18,412.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह फरवरी 2025 के मुकाबले 415.18 करोड़ रुपये अधिक है। यह जानकारी वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को दी।
वित्त मंत्री ने बताया कि फरवरी 2025 में इन मदों से 17,997.07 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जबकि इस वर्ष फरवरी में यह बढ़कर 18,412.25 करोड़ रुपये हो गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी तक कर राजस्व के रूप में कुल 1,96,653.27 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 73.2 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि जीएसटी के तहत फरवरी 2026 में 7,202.36 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जबकि फरवरी 2025 में यह 6,847.67 करोड़ रुपये था। वैट से फरवरी 2026 में 2,525.87 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो पिछले वर्ष फरवरी में 2,530.76 करोड़ रुपये थे।
इसी तरह आबकारी मद में फरवरी 2026 में 4,503.68 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि फरवरी 2025 में यह 4,928.72 करोड़ रुपये था। मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि स्टांप एवं निबंधन मद से फरवरी 2026 में 2,731.95 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो पिछले वर्ष फरवरी के 2,305.25 करोड़ रुपये से अधिक है। परिवहन मद से फरवरी 2026 में 1,076.38 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जबकि फरवरी 2025 में यह 923.40 करोड़ रुपये था। वहीं करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व व खनन से फरवरी 2026 में 372.01 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 461.27 करोड़ रुपये थे।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में फरवरी तक राज्य कर के तहत 1,59,695.88 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 1,03,767.62 करोड़ रुपये (65 प्रतिशत) की प्राप्ति हुई है।
आबकारी मद में 57,500 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 48,452.85 करोड़ रुपये (84.3 प्रतिशत) की वसूली हुई है। स्टांप व निबंधन मद में 34,753 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 29,869.75 करोड़ रुपये (85.9 प्रतिशत) और परिवहन मद में 12,664.40 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 11,139.77 करोड़ रुपये (88 प्रतिशत) राजस्व प्राप्त हुआ है।
