लखनऊ पुलिस चौकी से चोरी हुआ वायरलेस सेट, CCTV में कैद हुई आरोपी की करतूत, ट्रैफिक हेड कांस्टेबल ने दर्ज कराई FIR
लखनऊ, अमृत विचार: मुंशी पुलिया ट्रैफिक बूथ से हेड कांस्टेबल को आवंटित वायरलेस सेट चोरी हो गया। सीसीटीवी कैमरे में चोर की करतूत कैद हुई है। हेड कांस्टेबल की तहरीर पर गाजीपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्य ने बताया कि फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। हेड कांस्टेबल महताब सागर ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी 13 मार्च को मुंशीपुलिया चौराहे पर लगी थी। ड्यूटी के दौरान उन्हें आवंटित किया गया वायरलेस सेट डिस्चार्ज हो गया था।
हेड कांस्टेबल ने बताया कि उन्होंने ट्रैफिक बूथ में वायरलेस सेट चार्ज करने के लिए रख दिया था। वह चौराहे पर लगे जाम को हटवाने में लग गए। इस दौरान उनका वायरलेस सेट चोरी हो गया। कुछ देर बाद वे बूथ में गए तो वायरलेस सेट गायब था। उन्होंने इधर-उधर तलाशी लेकिन सेट न मिलने पर डॉयल-112 पर सूचना दी।
जानकारी मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मुंशी पुलिया चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में रात 8:16 बजे काली शर्ट पहने युवक वायरलेस सेट चोरी कर भागते हुए दिखाई दिया है। हेड कांस्टेबल की तहरीर पर गाजीपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
