नई कारें : हाईटेक फीचर्स, नए स्टैंडर्ड्स
नई कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए नई लॉन्चिग ने नए अवसर और विकल्प दिए हैं। मसलन, पुरानी यादों में खोए रहने वाले खरीदारों को आखिरकार अपनी डस्टर वापस मिल गई है। टाटा सिएरा को हाथोहाथ लिए जाने के बाद अब टाटा सिएरा ईवी धमाल मचाने की तैयारी में है, तो इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों के लिए एबेला भी भरोसेमंद विकल्प बन सकती है, जबकि रफ्तार और परफॉर्मेंस के दीवाने एसक्यू8 को देखकर ललचा सकते हैं।
रेनॉल्ट डस्टर की पुरानी यादें नए अवतार में
रेनॉल्ट डस्टर यह एसयूवी साल 2022 में भारत में बंद कर दी गई थी, चार साल बाद अब इसे नए अवतार में फिर से लॉन्च किया गया है। यह कार उन परिवारों के लिए आदर्श है जो सुविधाओं से भरपूर कॉम्पैक्ट एसयूवी की तलाश में हैं। माना जा रहा है कि नई डस्टर एक परिपक्व डिजाइन और अपडेटेड तकनीक के साथ क्रेटा और सेल्टोस को कड़ी टक्कर देगी। ग्राहकों को इसकी डिलीवरी अगले माह शुरू होने की उम्मीद है। नई डस्टर में दो टर्बो पेट्रोल इंजन ऑप्शन होंगे। पहला 1.0 लीटर टर्बो इंजन जो 100बीएचपी की पावर देगा, दूसरा 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 163बीएचपी की पावर पैदा करेगा। सुरक्षा के लिए इसमें छह एयरबैग और 360 डिग्री कैमरा के साथ लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम है। नए मॉडल में लेन कीप असिस्ट और एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल भी होगा। मजबूत बाहरी डिजाइन और अंदर डुअल डिजिटल डिस्प्ले दिए गए हैं। टॉप वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें भी मिलेंगी। रेनॉल्ट डस्टर के नए अवतार की कीमत करीब 11 से 20 लाख के बीच रहेगी।
अब धमाल मचाने आ रही टाटा सिएरा ईवी
टाटा सिएरा पिछले दिनों लॉन्च हुई चर्चित गाड़ियों में शुमार रही थी। इस कार को ग्राहकों ने कितना पसंद किया, इसका अंदाजा इसकी बुकिंग से लगाया जा सकता है, जिसने वेटिंग पीरियड लंबा कर दिया। अब टाटा सिएरा ईवी की लॉन्चिग आकर्षण के केंद्र में है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक वेरिएंट को भी हाथोहाथ लिए जाने की उम्मीद लगाए है। टाटा सिएरा ईवी को अगले दो माह के भीतर लॉन्च किया जाएगा। यह कार रोज यात्रा करने वालों के लिए उन लोगों के लिए भरोसेमंद होगी, जिनके पास घर में चार्जिंग की सुविधा है और जो अपना मासिक ईंधन खर्च काफी कम करना चाहते हैं। सिएरा ईवी रेट्रो-प्रेरित डिजाइन को आधुनिक ईवी आर्किटेक्चर के साथ जोड़ती है। इसके इंटीरियर में टिकाऊ सामग्री और सिएरा श्रृंखला की खासियत वाला विशाल केबिन लेआउट होगा। एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज लगभग 500 किलोमीटर होने की उम्मीद है। डीसी फास्ट चार्जर से एक घंटे से कम समय में इसे 60 फीसदी तक चार्ज किया जा सकेगा। कंपनी का दावा है कि सिएरा ईवी ईंधन की लागत को खत्म कर देती है। कम रखरखाव और संचालन लागत इसे समान मूल्य वर्ग में पेट्रोल से चलने वाली कारों के मुकाबले बेहतर दावेदार बनाती हैं। इस कार की अनुमानित कीमत 18 से 24 लाख के बीच होने की उम्मीद है।
ई-विटारा से अलग है टोयोटा की अर्बन क्रूजर एबेला
टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी अर्बन क्रूजर एबेला भी मार्केट में आ गई है। इसकी 25 हजार रुपये के साथ दो माह पहले बुकिंग की गई थी। इसकी कीमत 17 से 23 लाख रुपये एक्स शोरूम है। यह मारुति ई विटारा का टोयोटा संस्करण है, लेकिन उससे थोड़ी अलग तथा प्रीमियम है। इसमें 49 किलोवाट घंटे और 61 किलोवाट घंटे की दो बैटरी विकल्प उपलब्ध हैं, जो 543 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करेंगे। इस एसयूवी में छह एयरबैग, डुअल 10.25 इंच की डिजिटल स्क्रीन, जेबीएल साउंड सिस्टम, पैनोरमिक ग्लास रूफ और टॉप वेरिएंट में लेवल 2 एडीएएस मिलेगा। जानकारों के मुताबिक यह हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और महिंद्रा बीई 6 को टक्कर देती नजर आएगी।
ऑडी एसक्यू 8 में पावर और भव्यता का संतुलन
जिन लोगों को लगता रहा है कि ऑडी स्टैंडर्ड क्यू 8 में ताकत की थोड़ी कमी है, तो एसक्यू 8 उम्मीदों पर खरी उतरने वाली है। एसक्यू 8 में इंजन तो 4.0-लीटर ट्विन-टर्बो वी8 ही लगा है, लेकिन कम ट्यूनिंग के साथ, जो 507एचपी और 770 एएम का पावर जनरेट करता है। ऑडी का दावा है कि यह कार 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार 4.1 सेकंड में पकड़ लेती है। इस एसयूवी में मैट्रिक्स एलईडी हेडलाइट्स, स्पोर्टी डिजाइन एलिमेंट्स और प्रीमियम केबिन जैसी सुविधाएं हैं और इसे कस्टमाइज्ड यूनिट के रूप में लाया गया है। यह स्टैंडर्ड क्यू8 और टॉप-रेंज आरएस क्यू8 के बीच सटीक रूप से फिट बैठती है, जिससे खरीदारों को एक आकर्षक मध्य विकल्प मिलता है। इसकी अनुमानित कीमत 1.50 से 1.90 करोड़ एक्स-शोरूम रहने वाली है।
25 अपडेट्स के साथ आई नई हुंडई वरना
हुंडई इंडिया ने अपनी पॉपुलर सेडान 'वरना' का नया मॉडल पेश किया है, इसके जरिए कंपनी की नजर मिड साइज सेडान सेगमेंट के खरीदारों पर है। कंपनी ने इस लग्जरी सेडान में डिजाइन, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी से जुड़े 25 से ज्यादा बड़े बदलाव किए हैं। एक्सटीरियर में भी कई कॉस्मेटिक और स्टाइलिश बदलाव हुए हैं। इसमें ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, डुअल एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स और नए डिजाइन के फ्रंट और रियर बंपर दिए गए हैं। कार को स्पोर्टी लुक देने के लिए 16-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं। 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग के कारण इस कार का मुकाबला होंडा सिटी, स्कोडा स्लाविया और फॉक्सवैगन वर्टस से माना जा रहा है। इस कार को 25 हजार रुपये की राशि देकर बुक किया जा सकता है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11 लाख रुपये है।
