PMAY 2.0 के लाभार्थियों से मुख्यमंत्री का सीधा संवाद; मुस्कुराते हुए कहा, फोन चेक कर लीजिए, पैसा आ गया होगा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के लाभार्थियों को पहली किस्त अंतरित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई जिलों के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उनका सहज और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला।

फतेहपुर की माया देवी से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या उनके खाते में पहली किस्त पहुंच गई है। जब उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी फोन नहीं देखा है तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “एक बार फोन चेक कर लीजिए, पैसा आ गया होगा।”

इस संवाद से कार्यक्रम में आत्मीय माहौल बन गया। माया देवी ने बताया कि उन्हें राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल चुका है और उनके पति मजदूरी कर बच्चों की पढ़ाई करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने की सलाह देते हुए कहा कि अब उन्हें आवास, बिजली और पानी की सुविधा भी मिलेगी।

गोरखपुर की मेनका देवी ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था, लेकिन अब आवास मिलने से बड़ी राहत मिली है। उन्हें आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, उज्ज्वला गैस और पीएम स्वनिधि योजना का लाभ भी मिला है। मुख्यमंत्री ने उन्हें नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रयागराज की अर्चना ने बताया कि उन्हें बिजली, गैस और आयुष्मान कार्ड के साथ अब आवास का लाभ भी मिला है। सहारनपुर की सुनीता ने भी आवास मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह जल्द ही अपना घर बनवाएंगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें गृह प्रवेश के लिए आमंत्रण देने का आग्रह किया। महराजगंज की गुंजा देवी और देवरिया की सरोज देवी ने भी विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को समय से आवास निर्माण पूरा करने, बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और राशन योजना जैसी पहल के माध्यम से सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंच से 20 लाभार्थियों को मिला आवास स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से 20 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। लखनऊ की सीमा, रूबी गुप्ता, आराधना श्रीवास्तव और अंजू सहित सीतापुर की रेनू वर्मा और संजीवनी सिंह, बाराबंकी की शबाना रिजवी, सरिता देवी व पिंकी वर्मा को आवास स्वीकृति पत्र दिए गए। उन्नाव की मोनिका गौतम व अर्चना देवी, हरदोई की सोनी, दीप्ति कुमारी व रेनू मिश्रा तथा रायबरेली की चांदनी भट्ट, रेनू व सुनील कुमार को भी योजना का लाभ मिला। मंच पर स्वीकृति पत्र प्राप्त करते समय लाभार्थियों के चेहरों पर अपने घर का सपना पूरा होने की खुशी साफ दिखाई दी

ये भी पढ़ें  :
Lucknow Book Fair : काव्य समारोह में वाराणसी के सात कवियों को किया सम्मानित

 

 

संबंधित समाचार