स्पोर्ट्स हॉस्टल और स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ सेमीफाइनल में... राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दबदबा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: खिताब की रक्षा के इरादे से उतरी मेजबान स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने सब जूनियर बालक राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम स्थित पद्मश्री मो. शाहिद हॉकी टर्फ स्टेडियम में सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने बस्ती मंडल को 5-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में अब उसका सामना स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी से होगा। दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने लखनऊ मंडल को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं एक अन्य सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी आमने-सामने होंगे। स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ और बस्ती मंडल के बीच खेला गया मुकाबला शुरुआत से ही रोमांचक रहा। पहले क्वार्टर में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने दो और बस्ती मंडल ने एक गोल किया। मैच के चौथे मिनट में बस्ती मंडल के रोशन सिंह ने हॉस्टल की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि दो मिनट बाद ही स्पोर्ट्स हॉस्टल के राघवेंद्र ने शानदार खेल दिखाते हुए साथी खिलाड़ी से मिले पास को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। आठवें मिनट में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे प्रहलाद राजभर ने गोल में बदलकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए दो और गोल दागे और स्कोर 4-1 कर दिया। तीसरा क्वार्टर गोलरहित रहा, जबकि अंतिम क्वार्टर में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे राहुल यादव ने गोल में बदलकर टीम की 5-1 की जीत सुनिश्चित कर दी। एक अन्य क्वार्टर फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर को 5-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम की ओर से मो. दानिश और धीरज पाल ने दो-दो गोल किए, जबकि अजय यादव ने एक गोल दागा। वहीं स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने रोमांचक मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले अब बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार