यूपी की बदलेगी सूरतः ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन मशीन और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स लगेंगी, यमुना एक्सप्रेसवे पर होगी 3400 करोड़ निवेश... मिलेंगी बंपर नौकरियां

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में औद्योगिक निवेश को गति देने की दिशा में योगी सरकार को एक और बड़ी सफलता मिली है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में तीन प्रमुख कंपनियों को भूमि आवंटित की गई है, जो यहां ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट व फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाएंगी। इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा और 5,700 से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इन्वेस्ट यूपी की संस्तुति पर हुए इस आवंटन को प्रदेश में बेहतर होती निवेश नीति और उद्योग अनुकूल माहौल का परिणाम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को एक बड़े औद्योगिक हब के रूप में विकसित करना है। सबसे बड़ा निवेश एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। कंपनी को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण इकाई स्थापित होगी। इस परियोजना में करीब 2,029 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वहीं, सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्रा. लि. को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिसमें 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस प्रोजेक्ट से करीब 1,200 रोजगार सृजित होंगे और प्रदेश कृषि मशीनरी निर्माण का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। तीसरी कंपनी सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्रा. लि. को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित होगी, जिसमें 225.16 करोड़ रुपये का निवेश और 569 रोजगार सृजित होंगे।

सरकार की सिंगल विंडो प्रणाली, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग अनुकूल नीतियों के चलते निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इन परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन को भी नई गति मिलेगी।

किस कंपनी को क्या मिला

• एस्कॉर्ट्स कुबोटा : 154 एकड़, 2029 करोड़ निवेश

• सीएनएच इंडस्ट्रियल : 100 एकड़, 1219.81 करोड़ निवेश

• सन ऑर्गेनिक : 30,000 वर्गमीटर, 225.16 करोड़ निवेश

क्या होगा फायदा

• 5700 से अधिक रोजगार के अवसर

• कृषि व निर्माण क्षेत्र को मजबूती

• फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा

• यमुना एक्सप्रेसवे बनेगा औद्योगिक हब

 

संबंधित समाचार