यूपी बोर्ड परीक्षा: हाईस्कूल की 50 और इंटर की 45 कॉपी चैक कर सकेगा एक शिक्षक
बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज से जिले के चार केंद्रों पर शुरू हो जाएगा। एक हजार से अधिक शिक्षक इस कार्य में लगाए गए हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया एक अप्रैल तक चलेगी।
बोर्ड के निर्देशानुसार एक शिक्षक प्रतिदिन हाईस्कूल की अधिकतम 50 और इंटरमीडिएट की 45 कॉपियां ही जांच सकेगा, ताकि मूल्यांकन की गुणवत्ता बनी रहे। इस बार मूल्यांकन को लेकर सख्त नियम लागू किए गए हैं। यदि किसी शिक्षक की जांची गई कॉपियों में दो प्रतिशत तक की गलती पाई जाती है तो उसे तीन साल के लिए डिबार कर दिया जाएगा। साथ ही उसके मानदेय में 85 प्रतिशत तक की कटौती की जाएगी। वहीं, एक प्रतिशत गलती मिलने पर 50 प्रतिशत वेतन काटने का प्रावधान किया गया है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मूल्यांकन केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि समय के अंदर सही मूल्यांकन कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके।
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि शिक्षकों को शासन से आए निर्देश दे दिए गए हैं। तय समय पर मूल्यांकन कराना हमारी प्राथमिकता है। साथ ही शिक्षक हर दिन सीमित कॉपियां ही चेक कर सकेंगे।
