सड़क हादसा: बिलासपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में मजदूर की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलासपुर, अमृत विचार। बिलासपुर थाना क्षेत्र में गांव अहरो रोड पर दो बाइकों की टक्कर में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

थाना खजुरिया क्षेत्र के गांव टेहरी ख्वाजा निवासी महमूद हसन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया जाता है कि मंगलवार की देर शाम वह मजदूरी खत्म होने के बाद गांव अहरो की साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इस दौरान एक पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी, कि महमूद सिर के बल जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही मौके पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। 

बाद में घायल को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के भाई अनावरुल हसन, भतीजे जुनैद पाशा और बेटे बबलू पाशा व मुदस्सिर पाशा अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि महमूद अपने घर में पत्नी, दो बेटों और पांच बेटियों के एकमात्र कमाने वाले मुखिया थे। खजुरिया थानाध्यक्ष पंकज पंत ने बताया कि सबको पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। कहा कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार