मानव संपदा पोर्टल से ही स्वीकृत होंगी छुट्टियां, प्रमुख सचिव कार्मिक ने जारी किया आदेश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों की छुट्टी व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल करते हुए निर्देश जारी किए हैं कि अब सभी प्रकार के अवकाश केवल मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकृत होंगे। प्रमुख सचिव कार्मिक एम. देवराज ने इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कर्मचारियों के अवकाश आवेदन ऑनलाइन ही निस्तारित हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण पोर्टल पर कराएं और अवकाश से जुड़े सभी आवेदन इसी माध्यम से स्वीकार व निस्तारित किए जाएं। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अनावश्यक देरी पर रोक लगेगी। प्रमुख सचिव ने बताया कि कर्मचारी मानव संपदा पोर्टल के लीव माड्यूल के जरिए अवकाश के लिए आवेदन करेंगे, जिसमें अवकाश का प्रकार, अवधि और कारण दर्ज करना होगा। संबंधित अधिकारी उसी पोर्टल पर आवेदन की जांच कर उसे स्वीकृत, अस्वीकृत या अग्रसारित करेंगे। नई व्यवस्था में अवकाश की स्थिति, बैलेंस, आवेदन ट्रैकिंग, विस्तार, जॉइनिंग और कैंसिलेशन जैसी सभी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। इससे कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कार्यप्रणाली अधिक सरल व प्रभावी बनेगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि इस प्रणाली का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सके।

 

संबंधित समाचार