UP SI परीक्षा के लिए रेलवे चलायेगा विशेष ट्रेन, स्टेशनों पर बढ़ाई गई व्यवस्थाएं
गोरखपुर। उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली ऑफलाइन लिखित परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कई अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रवक्ता पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 05179 छपरा-प्रयागराज रामबाग अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 13 और 14 मार्च को छपरा से शाम 6:30 बजे रवाना होकर बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस और ज्ञानपुर रोड होते हुए रात 2:30 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 05180 प्रयागराज रामबाग-छपरा परीक्षा विशेष ट्रेन 14 मार्च को सुबह 9:45 बजे और 15 मार्च को शाम 6:25 बजे प्रयागराज रामबाग से रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए छपरा पहुंचेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 05192 आजमगढ़-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 13, 14 और 15 मार्च को दोपहर 2 बजे आजमगढ़ से चलकर मऊ, भटनी और देवरिया सदर होते हुए शाम 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इसी तरह 05191 गोरखपुर-आजमगढ़ परीक्षा विशेष ट्रेन इन तीनों दिनों में रात 8 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन रात 12:30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार 05185 गोरखपुर-बलिया अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन भी 13, 14 और 15 मार्च को चलाई जाएगी।
इसके साथ ही परीक्षा के कारण 65131 मऊ-प्रयागराज रामबाग सवारी गाड़ी 14 मार्च को तथा 65132 प्रयागराज रामबाग-मऊ सवारी गाड़ी 15 मार्च को संचालित की जाएगी। वहीं 65133/65134 दोहरीघाट-मऊ-दोहरीघाट सवारी गाड़ी 15 मार्च को चलाई जाएगी।
