Bareilly : चांद का दीदार, देर रात बाजार ग्राहकों से गुलजार
शुक्रवार को पांचवां जुमा होने के चलते अलविदा की दूसरी नमाज अदा की
बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार को 30 रोज पूरे होने के बाद ईद का चांद नजर आ गया। इससे बाजार में रौनक छा गई। सभी लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बाकरगंज ईदगाह में मुख्य नमाज सुबह 10:30 बजे अदा की जाएगी। शुक्रवार देर रात तक लोग ईद की खरीदारी करने के लिए बाजार में जुटे रहे।
एक महीने के रोजे और इबादत के बाद शनिवार को ईद मनाई जाएगी। शुक्रवार को रमजान का पांचवां जमा होने के चलते दोपहर में अलविदा की नमाज अदा की गई। बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। शाम को 6:27 पर रोजा इफ्तार के बाद मगरिब की नमाज हुई। इसके बाद लोगों ने चांद का दीदार किया। चांद देखकर लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। करीब 26 साल बाद ऐसा अनूठा संयोग बना है कि रमजान में पांच जुमे अदा किए गए हैं।
दरगाह आला हजरत प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि ईद आपसी भाईचारे और खुशियों का त्योहार है। सभी लोग आपसी गिले शिकवे मिटाकर एक दूसरे से गले मिलें। ईद के दिन गरीबों का खास ख्याल रखें। मिलजुल कर इसकी खुशियां आपस में बांटे। दरगाह पर ईद का चांद देखने के बाद मुफ्ती ज़ईम रज़ा, मौलाना अबरार उल हक मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी समेत शाहिद नूरी, अजमल नूरी, औरंगजेब नूरी, परवेज नूरी, ताहिर अल्वी, हाजी जावेद खान, मंज़ूर रजा, मुजाहिद बेग आदि ने सबको ईद की मुबारकबाद दी।
ईद की मुख्य नमाज ईदगाह में सुबह 10.30 बजे अदा की जाएगी। शहर में सबसे पहले दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद में सुबह 6.40, दरगाह शाह शराफत अली मियां में 07 बजे, दरगाह ताजुश्शरिया में 7.30 बजे, खानकाहे वामिकिया में 8.15, दरगाह बशीर मियां में 8.30, किला जामा मस्जिद, खानकाह ए नियाज़िया, दरगाह शाहदाना वली नौमहला मस्जिद में 9.30 और सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में 11 बजे नमाज अदा की जाएगी।
