बरेली : गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो के गोली लगी, एक सिपाही भी घायल
अमृत विचार, बरेली। गोकशी के खिलाफ बरेली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। एक बार फिर पुलिस ने गोकशी के चार आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों के पैर में गोली है। पुलिस ने उनके पास से पशु वध के उपकरण और अवैध असलहा बरामद किए हैं।
घटनाक्रम बहेड़ी थाना क्षेत्र का है। बीती 24/25 मार्च की रात पुलिस को श्यामचरण गौटिया क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं के वध की सूचना मिली थी। इस मामले में बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यिानी रात पुलिस को फिर सूचना मिली कि आरोपी गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं।
पुलिस ने शुक्रवार की भोर में उत्तमनगर रोड नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच एक संदिग्ध टेंपो आता दिखा। उसे रोकने का प्रयास किया तो टेंपो चालक भाग निकला। पुलिस ने पीछा करके टेंपा रोक लिया। आरोप है कि उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
इसमें हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इस्लामनगर-बहेड़ी का फैजान शीशगढ़ के जाफरपुर गांव का लईक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों के साथ उनके साथी सद्दाम पुत्र इश्तियाक निवसी राजा नगर थाना बहेड़ी और रवि पुत्र जयपाल निवासी श्याम चरण गौटिया को पकड़ लिया। घायल पुलिसकर्मी और दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
आरोपियों के पास क्या मिला
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक, एक रिवाल्वर, जिंदा कारतूस, खोखे, पशु वध के उपकरण, टेंपो, 10 हजार रुपये नकदी और तीन मोबाइल बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
