Panic Buying के चलते पेट्रोल-डीजल के लिए कतारें, पुलिस की निगरानी में वितरण, DM ने किया पेट्रोल पंप का निरीक्षण
लखनऊ, अमृत विचार : रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच डीजल-पेट्रोल संकट की अफवाह के चलते गुरुवार को शहर के पेट्रोल पंपों पर दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनों की कतारें लग गईं। भीड़ बढ़ने पर कई पंपों पर पुलिस और पीएसी तक बुलानी पड़ गई। कई पंपों पर डीजल-पेट्रोल खत्म हो गया।
हालात गंभीर होते देख जिलाधिकारी खुद मैदान में उतरे पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर स्टॉक आदि की जानकारी ली। हालत ये रही कि शहर में पेट्रोल और डीजल की बिक्री चार गुना तक बए़ गई। पहले जिन पंपों पर एक टैंकर पेट्रोल की खपत तीन दिन में होती थी, वहां एक दिन में दो-दो टैंकर पेट्रोल बिक गया।
शहर में बुधवार को पेट्रोल-डीजल का संकट होने की अफवाह फैली। इसके बाद कई पंपों पर पेट्रोल भरवाने के लिए दोपहिया वाहनों की भीड़ बढ़ गई। गुरुवार को दोपहर बाद फिर पंपों पर पेट्रोल-डीजल भराने के लिए लंबी कतारें लगने शुरू हो गईं। शाम के 3 बजे तक को शहर के ज्यादातर पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। छुट्टी का दिन होने के बावजूद लोग केवल पेट्रोल भरवाने के लिए वाहन लेकर पहुंच पर लाइन में लग गए।
ज्यादातर लोग वाहनों की टंकियां फुल कराने लगे। ये देख ज्यादातर पंप संचालकों ने वाहनों की कतार और अपने यहां स्टॉक का अनुमान लगाकर वाहनों के लिए पेट्रोल देने की लिमिट तय कर दी। हालत ये रही कि कई पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया। कुछ ही देर में पेट्रोल लेकर टैंकर पहुंच गए और दोबारा वितरण शुरू कर दिया गया। कुछ जगह शाम तक वितरण नहीं शुरू हो पाया। देर शाम तक ज्यादातर पंपों पर वाहनाें की कतारें लगी रहीं।
परेशान न हों, पर्याप्त है डीजल-पेट्रोल
संजय भंडारी तीनों तेल कंपनियों के राज्य समन्वयक हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20-22 दिन के लिए पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऊपर से लगातार डीजल-पेट्रोल मिलता रहेगा। लखनऊ समेत किसी भी जिले में कहीं कमी नहीं होगी। लोग बिल्कुल परेशान न हों। पेट्रोल डीजल का भंडारण भी न करें। सभी को जरूरत के अनुसार पेट्रोल-डीजल मिलता रहेगा।
पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें
एडीएम आपूर्ति ज्योति गौतम ने कहा कि जिले के सभी पेट्रोल, डीजल और सीएनजी पंपों पर नगर रख जा रही है। अधिकारी निरीक्षण भी कर रहे हैं। कहीं किसी तरह की कमी नहीं है। अफवाह से बचें, पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कंपनियों से समन्वय स्थापित करके लखनऊ के लिए पेट्रोल डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। बुधवार शाम से पेट्रोल डीजल की मांग तेजी से बढ़ गई है। पहले जिन पंपों पर दो से तीन दिनों में एक टैंकर पेट्रोल-डीजल बिकता था, वहां अब एक दिन में ही दो टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं।
प्राइम लोकेशन के पंपों पर लोड बढ़ाएं: जिलाधिकारी
पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ की जानकारी होने पर जिलाधिकारी विशाख जी संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार के साथ मैदान में उतर गए। इन अधिकारियों ने शाम को हजरतगंज स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों के अधिकारियों से कहा कि, हजरतगंज, गोमती नगर जिन भी प्राइम लोकेशन के पंपों पर ज्यादा ग्राहक आ रहे हैं, वहां पेट्रोल-डीजल का लोड बढ़ाया जाए, जिससे पेट्रोल-डीजल खत्म होने की समस्या न हो। ग्राहकों को वापस न लौटना पड़े। जिलाधिकारी ने पंप संचालकों से कहा कि, पेट्रोल या डीजल केवल वाहनों में ही भरें, कंटेनर आदि में पेट्रोल-डीजल न दिया जाए।
