करेंसी चेस्ट में मिले दो हजार के जाली नोट, RBI के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर FIR
लखनऊ, अमृत विचार: आरबीआई के करेंसी चेस्ट में दो हजार रुपये के जाली नोट पकड़े गये। फरवरी में जमा नोटों की जांच के दौरान दो हजार के दो नोट जाली पाये गये। इस पर आरबीआई के सहायक प्रबंधक सुरेंद्र कुमार दुबे ने महानगर थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरबीआई के सहायक प्रबंधक सुरेंद्र दुबे की तहरीर के मुताबिक फरवरी माह में कई बैंकों के करेंसी चेस्ट से संदिग्ध नोटों की जांच की गई। जिसमें दो हजार रुपये के दो नोट जाली पाये गये। जिसे आरबीआई के ऑडिट प्रक्रिया और पब्लिक एक्सचेंज काउंटर पर परीक्षण के दौरान जब्त किया गया। आरबीआई ने दोनों जाली नोटों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद थाने को सुपुर्द किया जाएगा। इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
