वाराणसी के मंडुआडीह में तेज धमाके से गिरा मकान, दो की मौत व दो गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मंडुआडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार को एक मकान में तेज धमाके के साथ मकान गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) आलोक वर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (रोहनिया) समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। 

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। यह मकान लहरतारा इलाके में गिरिजा देवी का था। वे अपने दो बेटों अमन चौधरी (32), अवधेश चौधरी (30) और बेटी प्रीति (24) के साथ रहती थीं। गिरिजा देवी खाना बना रही थीं, तभी गैस तेजी से लीक होने लगा और जोरदार धमाका हो गया।

 हादसे में अवधेश चौधरी और प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बाकी लोगों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

संबंधित समाचार