नामी पब्लिकेशन का टैग लगाकर बेचीं नकली किताबें: अमीनाबाद के दो बुक डिपो पर छापा, 342 फर्जी पुस्तकें बरामद
लखनऊ, अमृत विचार : अमीनाबाद स्थित रामा बुक डिपो और मालवीय पुस्तक केंद्र पर नामी पब्लिकेशन के टैग लगाकर 10वीं और 12वीं की नकली किताबें बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर पब्लिकेशन हाउस के अधिकारियों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की, जिसमें बड़ी संख्या में नकली पुस्तकें बरामद हुईं। मामले में दोनों दुकानों के संचालकों के खिलाफ अमीनाबाद थाने में कॉपीराइट अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पब्लिशर्स हाउस के अधिकारी ललित सरदाना के अनुसार, रामा बुक डिपो के मालिक राजकुमार मल्होत्रा और मालवीय पुस्तक केंद्र के संचालक द्वारा भारती भवन, धनपत राय पब्लिकेशन और न्यू सरस्वती हाउस जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशनों के नाम पर फर्जी किताबें बेची जा रही थीं। उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल कंपनियों की छवि धूमिल हो रही थी, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
शनिवार को पुलिस टीम के साथ की गई छापेमारी में रामा बुक डिपो से 312 और मालवीय पुस्तक केंद्र से 30 नकली किताबें बरामद हुईं। ये किताबें बोरों में भरी और रैक में रखी मिलीं। इंस्पेक्टर सुनील कुमार आजाद के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
