UP: टैंक्युलाइज कर वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ा, कई दिन से फैली थी दहशत 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुधवा नेशनल पार्क से सटे कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनवीरपुर क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने तेंदुए को वन विभाग की टीम ने टैंक्युलाइज कर पकड़ लिया। उसे पिंजरे में बंद कर वन रेंज कार्यालय बेलरायां लाया गया है।

तेंदुए का क्षेत्र में कई दिनों से आतंक था। सोमवार को तेंदुआ गांव बनवीरपुर निवासी हेमचंद वर्मा के घर घुस गया था। इस दौरान तेंदुए ने बब्बू को हमला कर घायल कर दिया था। इसके कुछ देर बाद फिर तेंदुआ गांव में पहुंचा और रामप्यारी पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। 

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बेलरायां वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पहले पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा घेरा बनाया ताकि कोई ग्रामीण तेंदुए के संपर्क में न आए। इसके बाद विशेषज्ञों ने बेहद सावधानी के साथ तेंदुए को टैंक्युलाइज करने की योजना बनाई।

काफी मशक्कत के बाद सही मौका मिलते ही तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे अचेत हो गया। तेंदुए के बेहोश होते ही टीम ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित तरीके से स्ट्रैचर पर लादकर पिंजड़े में कैद कर लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे और पूरे ऑपरेशन को देखते रहे। वन विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ बेलरायां वन रेंज ले गई, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की हालत सामान्य है और जांच के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

बता दें पिछले कई दिनों से यह तेंदुआ इलाके में आतंक का पर्याय बना हुआ था। ग्रामीण लगातार इसकी शिकायत कर रहे थे और खेतों व घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे थे। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद अब गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

संबंधित समाचार