सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश: 39 नए सड़क सुरक्षा मित्र तैयार, युवा स्वयंसेवकों को मिली ट्रेनिंग
लखनऊ, अमृत विचार: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रोकथाम के लिए सड़क सुरक्षा मित्र योजना लागू की गई है। सोमवार को उपनिदेशक माई भारत की ओर से नामित 39 युवा स्वयं सेवकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम फिटनेस केन्द्र (आईएनसी सेन्टर) ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित किया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पाण्डेय की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में राधा रमण सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात, आलोक कुमार यादव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), एसपी देव, आभा त्रिपाठी एवं अनीता वर्मा, यात्री / मालकर अधिकारी, विष्णु कुमार, मोटर यान निरीक्षक, लखनऊ, सुमित मिश्रा, सीएसआर प्रबंधक, हीरो मोटोकार्प, ट्रैफिक पार्क, लखनऊ उपस्थित थे।
इसमें उपस्थित अधिकारियों द्वारा स्वयं सेवकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी युवा स्वयं सेवकों को सड़क सुरक्षा किट का वितरण किया गया। दरअसल सड़क परिवहन एवं राज मार्ग मंत्रालय द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत इस योजना को लाया गया है। इसके तहत माई भारत पोर्टल पर नामित युवा स्वयं सेवकों को परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान कराते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में तैयार किया जाना है। ताकि ऐसे स्वयं सेवकों द्वारा परिवहन एवं यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने के साथ ही यातायात नियंत्रण में भी अपनी भूमिका अदा कर सकें।
